Home
बिहार
केन्द्र सरकार की गलत नीतियों का नतीजा है कि देश में अराजक स्थिति:इंटक

पटना, (रिपोर्टर) : केंद्र सरकार की श्रम विरोधी नीतियों के खिलाफ केन्द्रीय श्रम संगठनों के संयुक्त आह्वान पर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक के नेतृत्व में राष्ट्रव्यापी हड़ताल अभूतपूर्व रूप से सफल रहा। इस पुरे हड़ताल की सफलता में विभिन्न श्रम संगठनों के साथ-साथ आमजनों का का भी भरपूर सहयोग रहा तथा विभिन्न प्रतिष्ठानों में इस हड़ताल का व्यापक असर देखा गया।
प्रदेश इंटक कार्यालय से डाकबंगला चौराहे तक पैदल मार्च कर रहे श्रमिकों के समूह का नेतृत्व राष्ट्रीय मज़दूर कांग्रेस इंटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह प्रदेश अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सिंह ने किया। शहर के विभिन्न इलाकों से श्रमिकों का अलग-अलग जत्था डाकबंगला चौराहे पर एकत्रित हुआ जो बाद में सभा के रूप में तब्दील हो गया।
सभा को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार की श्रम विरोधी नीतियों के चलते समस्त श्रमिक समुदाय घोर निराशा में है और जिस प्रकार सरकार द्वारा चरणबद्ध तरीके से श्रमिकों के अधिकारों को छीना जा रहा है, इसका व्यापक असर संगठित एवं असंगठित दोनों क्षेत्रों के कामगारों पर पड़ रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों का ही नतीजा है कि पुरे देश में चारों ओर अराजक स्थिति व्याप्त है जो आर्थिक मंदी, बेरोजगारी, छंटनी, मंहगाई,घोटाला आदि के शक्ल में आम जन-मानस के बीच व्याप्त है और यही कारण है कि इस हड़ताल को इतना जबरदस्त समर्थन मिला जिसका असर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी समान रूप से देखा गया। श्री सिंह ने श्रमिकों तथा आम जनों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया तथा उनके प्रति अपना आभार व्यक्त किया और आश्वस्त किया कि अगर श्रमिकों के हितों की अनदेखी होती रही तो भविष्य में इससे भी तीव्र आंदोलनात्मक कार्रवाई की जायेगी।
जुलूस में प्रदेश इंटक के वरीय महासचिव श्रीनंदन मंडल, महासचिव आलोक रंजन श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष मदन प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर नाथ राय, संगठन मंत्री अखिलेश पाण्डेय, युवा इंटक अध्यक्ष आशुतोष कुमार, सी.एल.यू.के धर्मेन्द्र कुमार, प्रभात सिन्हा, भूपेश गुप्ता, पवन कुमार समेत सैकड़ो मजदूर उपस्थित थे।
Back To Top
Post A Comment: